गुमान सिंह का पुरा गांव के 10 परिवार झेल रहे आने-जाने की परेशानी
बाह। खेड़ा राठौर के गुमानसिंह पुरा गांव में 5 साल पहले आम सहमति पर खोला गया पुराना रास्ता फिर से बंद कर दिया। इससे 10 परिवारों के सामने आने-जाने की समस्या पैदा हो गई है। ग्रामीण मंदिर के दर्शन-पूजन के लिए भी नहीं निकल पा रहे।
गांव के मोहरमन सिंह की शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम ने 22 मार्च को स्थलीय निरीक्षण एवं पैमाइश की थी। इसमें रास्ते की समस्या सामने आने पर एसडीएम ने खेड़ा राठौर पुलिस को निर्देश दिए। पर, अतिक्रमण नहीं हट सका। गांव के महाराज सिंह, मौजीराम, ओमप्रकाश, मुकेश कुमार, महेंद्र सिंह, बाबूराम ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद से गुमानसिंह पुरा के रोके गए रास्ते को खुलवाने की गुहार लगाई है। जिसमें 22 मार्च को टीम द्वारा पैमाइश किए जाने, 26 अप्रैल को रास्ते के सीमांकन के लिए टीम गठित होने, 9 जून एवं 21 जून को समाधान दिवस में शिकायत किए जाने के बाद भी रास्ता अतिक्रमण मुक्त नहीं होने का जिक्र किया गया है। कैबिनेट मंत्री ने डीएम को आवश्यक कार्यवाही कराए जाने के निर्देश 24 अक्तूबर को दिए थे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे ग्रामीण परेशान हैं।