आगरा। वित्तीय वर्ष के समापन को देखते हुए मंगलवार को महावीर जयंती के सार्वजनिक अवकाश के बावजूद जनपद के सभी रजिस्ट्री कार्यालय खुले रहेंगे। शासन के निर्देश पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैनामा व अन्य विलेखों का पंजीकरण सामान्य दिनों की तरह किया जा सकेगा। एआईजी स्टांप योगेश कुमार ने बताया कि 31 मार्च यानी वित्त वर्ष का अंतिम दिन होने के कारण शासन ने कार्यालय खोलने के आदेश दिए हैं। इससे राजस्व लक्ष्यों को पूरा करने और अंतिम समय में रजिस्ट्री कराने वाले आवेदकों को सुविधा मिलेगी। वहीं, रजिस्ट्री दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए इस बार 27 पूर्व सैनिकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार को इन सुरक्षाकर्मियों ने कार्यालय परिसर में परेड कर अपनी मुस्तैदी दिखाई। एक अप्रैल से तैनाती होगी। सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से भर्ती किए गए इन जवानों में से 12 पूर्व सैनिक सदर तहसील स्थित निबंधन भवन और शेष 15 अन्य पांच उप निबंधक कार्यालयों में तैनात रहेंगे।