आगरा। रांची में रविवार को खेले गए सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी मुकाबले में रेलवे की महिला टीम ने दिल्ली को 90 रन से हरा दिया। इस जीत में आगरा की खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। बल्लेबाजी में आरुषि गोयल और गेंदबाजी में अनुभवी स्पिनर पूनम यादव ने टीम को मजबूत किया। मध्यक्रम बल्लेबाज आरुषि ने नाबाद 28 रन बनाए। वहीं पूनम यादव ने 10 ओवर में 48 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। पूर्व रणजी खिलाड़ी धीरज शर्मा ने कहा कि रेलवे की टीम में आगरा की खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन गर्व की बात है। पूर्व क्रिकेटर शिखा झीगरन ने कहा कि पूनम यादव वर्षों से आगरा की बेटियों के लिए प्रेरणा रही हैं। उनसे युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। आरुषि के अच्छे प्रदर्शन से टीम को आगे भी फायदा मिलेगा।