कासगंज में रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसें।
- फोटो : कासगंज में रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी बसें।
कासगंज। नए बस स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध न होने के कारण इसके निर्माण का मामला अधर में लटक गया है। कई माह बीत जाने के बावजूद तहसील प्रशासन द्वारा निगम को अभी तक बस स्टैंड के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई है। पुराने बस स्टैंड में कम जगह होने के कारण बसों को खड़े करने में परेशानी होती है। यात्रियों के लिए भी बैठने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
शासन ने बीते दिनों जिले में दो बस स्टैंड के निर्माण के लिए मंजूरी थी। इसमें पहला बस स्टैंड शहर से बाहर बनाने एवं दूसरा अमांपुर विधायक की पहल पर कस्बा अमांपुर में बनाए जाने के लिए जमीन की तलाश के लिए निगम व तहसील प्रशासन को निर्देश दिए थे। चार माह बाद भी तहसील प्रशासन सहावर एवं कासगंज में अभी तक निगम के लिए जमीन उपलब्ध नहीं करा सका है। निगम के अधिकारियों एवं तहसील प्रशासन ने कासगंज बाइपास एवं अमांपुर में सहावर मार्ग पर जमीन की तलाश भी की है, लेकिन मुकाम नहीं मिल सका है। इसके चलते कासगंज बस स्टैंड में जगह कम होने के कारण यहां बसों को खड़ा करने में दिक्कत होती है। जबकि अमांपुर में बस स्टैंड न होने से लोगों को आवागमन परेशानी का सामना करना पड़ता है।
तहसील प्रशासन को जमीन उपलब्ध करानी है। हमने तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ कई जगह जमीन को तलाशा है। जल्द ही जमीन उपलब्ध हो जाएगी और प्रस्ताव भेजकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - ओम प्रकाश, एआरएम