जिसका दामन थाम लांघी दहलीज, वही छोड़ रहा साथ
-प्रेम विवाह करने वाली महिला ने बेवर थाने में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। जिसके प्रेम में मां-बाप को छोड़कर घर की दहलीज लांघी। अब वही प्रेमी पति साथ छोड़ने की बात कह रहा है। दो साल पहले प्रेम विवाह करने वाली महिला ने थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव गजियापुर निवासी संजीता ने बताया कि दो साल पहले प्रेमी फूल कुमार के साथ अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था। इस फैसले में उसके परिजन की रजामंदी नहीं थी। अब संजीता दो साल पहले लिए गए अपने फैसले पर शायद पछता रही है। थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि शादी करने के कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक रहा। प्रेमी से पति बने फूल कुमार के व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा और अब मारना पीटना और गालीगलौज करना आम बात हो गई। वहीं ससुर भी गालीगलौज करने में पीछे नहीं रहते। 26 जुलाई को अचानक पति लापता हो गया और अब फोन कर उसे छोड़ने की धमकी दे रहा है। मामले में तहरीर मिलने के बाद बेवर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।