बेवर (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र ग्राम नगला देवी में मंगलवार शाम 70 वर्षीय वृद्धा की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है वहीं मौके पर डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक विभाग की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मामले के अनुसार इंदुमती देवी पत्नी करनपाल सिंह 70 वर्ष निवासी नगला देवी गांव में ही अपने मकान में अकेले रह रही थी। पति की दो वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। एक पुत्र उदय प्रताप सिंह जर्मनी में कार्यरत हैं। तीन पुत्रियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। मंगलवार शाम को मोहल्ले की ही एक युवती बेलपत्र लेने उनके मकान के बाहर पहुंची तो उसने देखा कि दरवाजे खुले हुए थे और इंदुमती देवी तख्त पड़ी थी उनके दोनों कानों से खून निकल रहा था। जैसे ही वृद्धा को युवती ने इस अवस्था में देखा चीख निकल गई। तुरंत ही आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक विभाग की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। मौके पर क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह भी पहुंचे जिन्होंने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि इंदुमती के गले में सोने की चेन, हाथों में अंगूठी, कान में छोटे टॉप से जो गायब हैं। गले पर निशान भी बताए जा रहे हैं। घटना की फौती मृतका की मैनपुरी से पहुंची पुत्री नीतू ने दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले में क्षेत्राधिकारी भोगांव सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का असली कारण पता चल सकेगा। किसी परिचित का ही काम लगता है। जांच की जाएगी।