किशनी के भोजपुरा में गिरा टिनशेड।
किशनी। विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कैथपुर के गांव भोजपुर में सोमवार की रात बारिश के बीच एक गरीब के घर में रखा टिनशेड गिर गया। टिनशेड के नीचे घरेलू सामान दब गया। लेखपाल ने गांव पहुंच कर क्षति आंकलन की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को भेजी है।
गांव कैथपुर निवासी छोटे लाल बंजारा बेहद गरीब हैं। आवास विहीन होने के चलते वह एक कच्ची दीवार पर टिनशेड डाल कर परिवार के साथ गुजर बसर करते आ रहे हैं। सोमवार की तेज बारिश के बीच कच्ची दीवार भर भराकर गिर गई और टीनशेड भी नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि घटना के समय छोटे लाल व उनके परिजन टिनशेड के अंदर नहीं थे। सभी लोग टिनशेड के पास बनी एक अस्थाई रसोई में खाना बना रहे थे।
छोटे लाल का घरेलू सामान मलबा और टिनशेड के नीचे दब गया। बताया कि पत्नी की तबीयत खराब रहती है। चार बेटी और दो बेटों की परवरिश कर रहे हैं। आवास की सुविधा भी नहीं हैं। जिस कारण टिनशेड के नीचे रह रहे थे। बारिश ने उनका ये आसरा भी छीन लिया। क्षेत्रीय लेखपाल पुष्पेंद्र शाक्य ने क्षति आंकलन कर रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी है।