जिले में बुखार के मरीजों की संख्या नहीं हो रही है कम
प्रतिदिन अस्पताल पहुंच रहे बुखार के 60 से 70 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जिले में बुखार के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है जिला अस्पताल में प्रतिदिन बुखार से पीड़ित 60 से 70 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। सीएमएस ने बुखार के मरीजों के लिए उचित उपचार के निर्देश दिए हैं ।
पिछले एक सप्ताह से जिले में अचानक बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। ओपीडी में लगातार बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। एक सप्ताह पहले जहां जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या मुश्किल से 20 और 30 थी वह 60 से 70 पहुंच गई है। बुखार के बढ़ते मरीजों को देखते हुए सीएमएस डॉक्टर मदनलाल ने फिजिशियन को निर्देश दिए हैं कि बुखार के मरीज को उचित उपचार दिया जाए किसी भी प्रकार से मरीजों के लिए बाहर से दवा लिखी जाए। जिला अस्पताल में पर्याप्त दवा उपलब्ध है।
फिजिशियन डॉक्टर जेजे राम का कहना है कि वर्तमान समय में वायरल बुखार के मरीज जिला अस्पताल में अधिक आ रहे हैं लोग पहले सर्दी और जुकाम की चपेट में आते हैं इसके बाद वह बुखार की चपेट में आ जाते हैं ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
प्रत्येक मरीज की कराई जाए जांच
सीएमएस डॉक्टर मदन लाल ने फिजीशियन को निर्देश दिए हैं कि जिला अस्पताल आने वाले बुखार से पीड़ित प्रत्येक मरीज की जांच कराई जाए। जांच से स्पष्ट हो जाएगा के मरीज को किस प्रकार का बुखार है। वहीं जिला अस्पताल की लैब में तैनात टेक्नीशियन को निर्देश दिए गए हैं कि बुखार के मरीजों की सही ढंग से जांच की जाए यदि किसी प्रकार का मलेरिया और डेंगू का मरीज मिलता है तो तुरंत इसकी जानकारी उन्हें दी जाए।
इन बातों पर दें ध्यान
- धूप से बचाव करें
- सर्दी जुकाम होने पर तुरंत उपचार लें
- झोलाछाप से उपचार लेने से बचें
- कूलर में पानी का प्रयोग न करें
- फ्रिज का पानी पीने से भी बचें