पटियाली। नगर में एक मोहल्ले से नई नवेली दुल्हन नगदी व जेवरात लेकर फ़ुर्र हो गई। पांच दिन पहले ही युवक की शादी हुई थी। परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
घटनाक्रम के अनुसार, नगर के मोहल्ला शेखान निवासी ओमकार की बारात बिहार के जनपद गोपालगंज गई थी। 30 जून को ओमकार व बराती दुल्हन पूनम की विदा करा कर घर ले आए। बुधवार की रात में जब परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। तभी मौका पाकर पूनम घर से फरार हो गई। जब ओमकार रात में लघुशंका के लिए उठा तो अपनी पत्नी को गायब देखकर दंग रह गया। उसने पत्नी को आवाज दी, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला उसकी नजर घर के मुख्य दरवाजे पर पड़ी तो दरवाजा खुला हुआ था। उसे समझते देर न लगी कि पूनम फरार हो गई। जब उसने कमरे में रखा संदूक देखा तो उसके होश उड़ गए।
उसने सभी घर वालों को जगाया और रात में ही सभी लोग पूनम को तलाश करने निकल पड़े लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। ओमकार ने बताया कि पूनम बक्से में रखे तंबाकू की बिक्री के 54 हजार रुपये, सोने का हार, सोने की जंजीर, सोने की दो अंगूठी, चांदी की पायल, चांदी की करधनी आदि जेवरात लेकर चली गई। कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि पुलिस के पास इसकी जानकारी नहीं है।