यूपी के कासगंज के पटियाली के स्टेशन रोड पर एक युवक की गुरुवार की रात को पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को नामजद तथा दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विपिन (19) पुत्र मनोज कुमार निवासी टपरी पटियाली अपनी रिश्तेदारी में राजाराम की मां की तेरहवीं संस्कार की दावत खाने के लिए गंजडुडवारा गया हुआ था। वह गंजडुडवारा से देर सांय पटियाली ट्रेन से पहुंचा।
जब वह अपने घर जाने के लिए स्टेशन के बाहर आया तभी मोहित पुत्र तारीफ सिंह, अक्षय पुत्र वीरेंद्र जिनौल पाटियाली, चंद्र किशोर रामू पुत्र रमेश, निवासी सराय पटियाली व दो अज्ञात लोग उसे स्टेशन से अगवा कर ले गए।
कुछ दूर स्थित मुर्गा फार्म के निकट उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। उसका शव वहीं छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। जब लोगों ने युवक का शव देखा तो वहां भीड़ लग गई।
15 दिन पहले हुआ था विवाद
जब युवक रात्रि 11 बजे तक घर नहीं आया तो तो परिवारीजनों को चिंता हो गई। परिवारीजन उसे देखने के लिए स्टेशन की ओर रवाना हो गए। रास्ते में भीड़ देखकर जब वे वहां रुके तो युवक का शव देखकर उनके होश उड़ गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
युवक 15 दिन पूर्व ग्राम जिनोल में किसी कार्य से गया था। जहां आरोपी बालीबॉल खेल रहे थे। इसी बीच गेंद विपिन को लग गई। विपिन की युवकों से कहा सुनी हो गई। इसके बाद से आरोपी युवक से रंजिश मानने लगे।
सदमे में है परिवरीजन
युवक अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसका एक दो वर्ष का छोटा भाई है। परिवार का बड़ा बेटा होने के कारण वह काम काज में हाथ बंटाता था।
उसकी हत्या की घटना से परिवारीजन सदमे मे है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उसकी मां ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। हत्या की जानकारी मिलने के बाद उसके घर पर ग्रामीण पहुंच कर सांत्वना दे रहे हैं।
आरोपियों ने 16 जनवरी को युवक के घर पर आकर जान से मारने की धमकी दी थी, लेकिन परिवारीजनों ने इस धमकी को हल्के में लिया। मामले की कोई शिकायत पुलिस से नहीं की गई। धमकी को नजर अंदाज करना उसकी मौत का कारण बन गई।