आगरा। नगर निगम ने गृहकर के 29 बकाएदारों की संपत्तियों को सील कर दिया। लोहामंडी क्षेत्र में इन सभी संपत्तियों पर 48,82,411 रुपये का गृहकर बकाया था।
निगम अधिकारियों ने बताया कि बकाएदारों को पूर्व में कई बार नोटिस और वारंट जारी किए गए थे। तय सीमा में गृहकर जमा नहीं कराया गया। चेतावनी के बाद भी भुगतान न करने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि बार-बार नोटिस और वारंट जारी होने के बाद भी जो लोग गृहकर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कुर्की, बैंक खाते सीज करने और संपत्ति सील करने जैसी कार्रवाई की जाएगी। हर दिन राजस्व वसूली की समीक्षा की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद
कचरा फेंकने पर रेस्तरां और हाउसिंग सोसाइटी पर जुर्माना
स्वच्छ सर्वेक्षण से पहले नगर निगम ने गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की। नगर निगम ने कारगिल पेट्रोल पंप रोड पर सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकते पाए जाने पर चाय मंत्रा, डोसा किचन और गलीयारी रेस्तरां पर हजारों रुपये का जुर्माना लगाया। एसएफआई प्रदीप गौतम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और संस्थाओं को कूड़ेदान का उपयोग करने, कचरे को स्रोत पर अलग करने और निर्धारित स्थान पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
ताजमहल के पास चलाया यलो-रेड स्पॉट सफाई अभियान
म्यूज स्टडी एजूकेशन सोसाइटी की टीम ने नगर निगम के सहयोग से ताज पूर्वी गेट पार्किंग क्षेत्र में यलो और रेड स्पॉट हटाने का अभियान चलाया। क्षेत्रीय लोगों को इससे गंदगी और दुर्गंध से राहत मिली। टीम ने राहगीरों और देश-विदेश से आए पर्यटकों को स्वच्छता का संदेश दिया। लोगों से खुले में मूत्र त्याग न करने और पान-मसाला न थूकने की अपील की गई। इस दौरान मुकेश कुमार, देवेश, गोविंद, अमर, अमन और बबलू मौजूद रहे।
मुस्लिम क्षेत्रों में चलाया सफाई अभियान
शब-ए-बरात तीन व चार फरवरी को है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर जलकल, सिविल, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मुस्लिम क्षेत्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। सोमवार को नालियों व सीवर की सफाई, स्ट्रीट लाइटों और सड़कों की मरम्मत आदि कार्य किया गया। पीस कमेटी एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने सफाई की मांग की थी।