आगरा। थाना शाहगंज के पृथ्वीनाथ फाटक क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे एक बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। पीछे बैठे दिव्यांग की हालत गंभीर है। उसकी बैसाखी पुलिया से टकरा गई थी। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट़़्टी दे दी गई।
एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि टाटा गेट की ओर से एक बाइक पर ग्यासपुरा के अजय (32), पृथ्वीनाथ फाटक के दिव्यांग श्याम बाबा(55) और जोगेंद्र(35) आ रहे थे। बाइक जोगेंद्र चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी अनिल कुमार ने बताया कि पृथ्वीनाथ फाटक के पास बाइक पर पीछे बैठे दिव्यांग की बैसाखी पुलिया से टकरा गई। झटका लगने से बाइक असंतुलित हुई और तेज गति से पुलिया से टकरा कर गिर गई।
बाइक पर बैठे तीनों घायल होकर बेहोश हो गए। हादसे के समय इंस्पेक्टर शाहगंज पुलिसकर्मियों के साथ थोड़ी दूरी पर ही थे। उन्होंने तीनों घायलों को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेजा। चिकित्सकों ने जोगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। श्याम बाबा की हालत गंभीर है। अजय को मामूली चोटें आई थी, उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। परिवार वालोें को सूचना दे दी गई है।