पिनाहट। चंबल घाट पर बृहस्पतिवार को लगातार तीसरे दिन भी मोटर बोट संचालन शुरू नहीं हो सका। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घाट पर पहुंचे कई यात्रियों को बिना नदी पार किए ही वापस लौटना पड़ा।
मंगलवार शाम मध्य प्रदेश के थाना महुआ पुलिस ने बिना लाइफ जैकेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के यात्रियों को चंबल नदी पार कराए जाने पर मोटर बोट संचालन बंद करा दिया था। इसके बाद से अब तक सेवा बहाल नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान पीपा पुल हटने के बाद मोटर बोट ही दोनों राज्यों के बीच आवागमन का एकमात्र प्रमुख साधन होती है। संचालन बंद रहने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए जल्द से जल्द मोटर बोट संचालन शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष ऐसी स्थिति बनने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान भी निकाला जाना चाहिए।
मोटर बोट की परमिशन के लिए आवेदन किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन से वार्ता चल रही है। जल्द समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
- विनोद कुमार, एसडीएम बाह