आगरा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) शास्त्रीपुरम के मैदान पर शनिवार को खेलों के महाकुंभ 19वें मून स्कूल ओलंपिक का रंगारंग आगाज हुआ। स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रिया अस्थाना मेमोरियल फाउंडेशन की ओर से हो रहे इस सात दिवसीय आयोजन का मीडिया पार्टनर अमर उजाला है।
मुख्य अतिथि मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने खेलों के शुभारंभ की उद्घोषणा की। मंडलायुक्त ने कहा कि अब समय बदल गया है। पहले अभिभावक खेलकूद की जगह बच्चों की पढ़ाई पर ज्यादा तवज्जो देते थे, लेकिन अब खेलकूद कॅरिअर की राह बन रहे हैं। इस दौरान मंडलायुक्त, जिला जज लारा कोर्ट महेश नौटियाल, द एकेजी ग्रुप के एमडी शोभिक गोयल, गायत्री पब्लिक स्कूल के एमडी प्रद्युम्न चतुर्वेदी, समृद्धि इंफ्राटेक के निदेशक महेश उपाध्याय, शिवालिक पब्लिक स्कूल के निदेशक एसएस यादव और मून स्कूल ओलंपिक आयोजन समिति की अध्यक्ष डाॅ. बीना लवानियां, होस्ट पार्टनर डीपीएस ताज सिटी प्राचार्य शिव कटोर, आरके पांडेय, इंजीनियर उमेश शर्मा ने स्कूली बच्चों के मार्च पास्ट की सलामी ली।
डीपीएस स्कूल और गायत्री पब्लिक स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की। मून टीवी के निदेशक राजीव दीक्षित ने बताया कि पहले दिन अंडर-19, अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग में 400 मी., 200 मी. और 100 मी. दौड़ हुईं। इसके अलावा बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लंबी कूद, बास्केटबाॅल के मुकाबले हुए। संचालन आयोजन सचिव राहुल पालीवाल ने किया। इस दौरान केके पालीवाल, कवि पवन आगरी, आयोजन समिति के मनीष तिवारी, राजेश खुराना, नीलिमा पटनी पाठक, अनिल सारस्वत, नंदी रावत, भानु प्रताप सिंह, सोमेश दुबे, ताराचंद आदि मौजूद रहे।
टीम को 1.5 लाख, उपविजेता को 75 हजार का पुरस्कार
उद्घाटन समारोह में मून स्कूल ओलंपिक के सभी सीनियर, जूनियर सब जूनियर विजेता को 1.50 लाख और उपविजेता को 75 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई। आयोजन समिति के सचिव उमेश शर्मा ने बताया कि सवा दो लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा एकेजी ग्रुप के एमडी शोभिक गोयल की ओर से की गई। यही नहीं, शोभिक गोयल ने एलान किया कि क्रेडाई के सहयोग से आगरा में अगले 3-4 साल में एक आधुनिक स्टेडियम बनाकर दिया जाएगा। उधर, मून स्कूल ओलंपिक के पहले दिन हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का शुभारंभ उद्घाटन संजीव चौबे ने किया।
क्रिकेट गुरु परविंद्र को मिला खेल सम्मान
मून स्कूल उद्घाटन समारोह के दौरान खेलों को बढ़ावा देने वाले एचके पालीवाल स्मृति सम्मान से क्रिकेट गुरु परविंद्र यादव को सम्मानित किया गया।
दौड़, शॉटपुट, लंबी कूद में युवाओं ने दिखाया दमआगरा। आयोजन के आगाज के साथ ही पहले दिन विभिन्न श्रेणी की दौड़, शॉटपुट और लंबी कूद समेत अन्य प्रतियोगिताएं भी हुई। अंडर-19 बालक वर्ग 800 मी. दौड़ में सेंट सीएफ एंड्रूज पीली पोखर के प्रियांशु प्रथम, भारतीय बाल विद्या मंदिर के दिव्यांशु द्वितीय और केंद्रीय विद्यालय-1 के मंदीप सिंह तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग 800 मी. दौड़ में वीरांगना अवंतीबाई बालिका इंटर काॅलेज की अनामिका प्रथम, सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल कमलानगर की अंबिका वर्मा द्वितीय और कर्नल ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल की नम्रता सिंह तृतीय रहीं। शाटपुट अंडर-19 बालक वर्ग में सेंट सीएफ एंड्रूज स्कूल पीली पोखर के अनुज कुमार प्रथम, नारायण इंटरनेशनल स्कूल के प्रदीप चौधरी द्वितीय और अलकनंदा एकेडमिक के साहिल तृतीय रहे। शाटपुट अंडर- 14 बालक वर्ग में सेंट सीएफ एंड्रूज स्कूल पीलीपोखर के यशपाल प्रथम, सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल कमलानगर के अभय प्रताप द्वितीय और मिलिट्री स्कूल के जॉन्सन तृतीय रहे। वहीं, लंबी कूद अंडर-14 बालक वर्ग में नारायण इंटरनेशनल स्कूल के गिरीश प्रथम, नारायण इंटरनेशनल स्कूल के शिवम द्वितीय और अलकनंदा एकेडमिक के मानव सिंह तृतीय रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल की आंशिक मिश्रा प्रथम, एसपी पब्लिक स्कूल अकोला की दिव्यांशी द्वितीय और अलकनंदा एकेडमिक की आस्था तृतीय रहीं। लंबी कूद अंडर-19 बालिका वर्ग में अलकनंदा एकेडमिक की नंदनी प्रथम, वीरांगना अवंती बाई गर्ल्स इंटर काॅलेज की सोनिया द्वितीय और सेंट एंड्रूज पब्लिक स्कूल कमलानगर की सिद्धि राठौर तृतीय रहीं।
बैडमिंटन में हुए रोमांचक मुकाबले
डीपीएस स्कूल में मून स्कूल बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ माना कैटर्स के एमडी राजेश गोयल और भाजपा नेता राहुल सागर ने किया। शनिवार को हुए अंडर-14 बैडमिंटन बालिका वर्ग के मुकाबलों में डीपीएस ने शेमफोर्ड स्कूल को शिकस्त दी। कृष्णा इंटरनेशनल ने एडिफाई वर्ल्ड स्कूल को हराया। वहीं जीडी गोयनका ने भी अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम पर जीत दर्ज की। बालक वर्ग में किड काॅर्नर ने पुलिस माॅडर्न स्कूल को, सेंट एंड्रूज कमलानगर ने सेंट काॅर्नर स्कूल को, शिवालिक कैंब्रिज ने एडिफाई वर्ल्ड स्कूल को हराया। कर्नल ब्राइटलैंड ने सचदेवा को और डीपीएस ने गायत्री पब्लिक स्कूल की टीम को शिकस्त दी।
बास्केटबॉल में भी हुए मैच
पहले दिन मून स्कूल ओलंपिक में बास्केटबाॅल प्रतियोगिता भी हुई। इसका उद्घाटन सीए नीतेश गुप्ता ने किया। देर शाम तक बास्केटबाल के मुकाबलों में टीमें जीत की जोर आजमाइश में लगी हुई थीं।
शतरंज और योग का पुरस्कार वितरण आज
मून स्कूल ओलंपिक के दूसरे दिन रविवार को अन्य खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही शतरंज और योग के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया जाएगा। स्केटिंग का उद्घाटन सुबह 11 बजे डीपीएस ताज सिटी पर होगा।