बाह के खरीद केन्द्रों पर क्षमता वृद्धि के लिए डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी को पत्र सौंपते हुए बाह
- फोटो : अमर उजाला
बाह। क्षेत्र के बाजरा खरीद केंद्रों पर प्रभारियों के हाथ क्षमता के दायरे ने बांध दिए हैं। केंद्रों पर बाजरा लेकर पहुंच रहे किसान वापस लौटने को मजबूर हैं। किसानों की शिकायत एवं समस्या को बाह की विधायक पक्षालिका सिंह ने गंभीरता से लिया है। मंगलवार को वह डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी से मिली, बाह क्षेत्र के खरीद केंद्रों की क्षमता बढ़ाए जाने को उन्होंने पत्र सौंपा। इससे किसान अपनी उपज को बाजार में औने-पौने दामों में बेचने से बच सकें।
बाजार में 2000 रुपये में बाजरा की प्रति क्विंटल खरीद हो रही है। सरकार 2775 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। खरीद भाव में बड़ा अंतर होने की वजह से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लदी अपनी उपज के साथ खरीद केंद्रों पर डेरा डाले हैं। जैतपुर के खरीद केंद्र से पिछले 3 दिन से किसानों को लौटाया जा रहा है। खरीद केंद्र प्रभारी रीता सेन ने किसानों को बताया कि केंद्र पर 10 हजार क्विंटल खरीद का लक्ष्य है, 9 हजार क्विंटल की खरीद हो चुकी है। जिनका पंजीकरण है, उनकी ही उपज की तौल हो रही है, खरीद क्षमता वृद्धि होने पर उन्होंने किसानों को फोन कर बुलाए जाने का आश्वासन दिया है। भाजपा कोर कमेटी के सदस्य पवन भदौरिया, सोनू प्रधान, भूपेंद्र सिंह भदौरिया, लालू तोमर प्रधान, उदयभान सिंह प्रधान, अल्केंद्र जादौन, पुलकित भदौरिया, कृष्णकांत भदौरिया, अतुल यादव आदि ने क्षमता वृद्धि के किसान हित में उठाए गए कदम के लिए विधायक का आभार जताया है।
बाह के खरीद केन्द्रों पर क्षमता वृद्धि के लिए डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी को पत्र सौंपते हुए बाह - फोटो : अमर उजाला