मंटोला थाने में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक करते एसीपी कोतवाली। स्रोत आयोजक
आगरा। ताजनगरी की गंगा-जमुनी तहजीब को और मजबूती देने के लिए रविवार को थाना मंटोला में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। आगामी रमजान 18 या 19 फरवरी और 3 मार्च को होली के पर्व को देखते हुए पुलिस और शहर के नागरिकों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे एसीपी कोतवाली वीरेंद्र दुबे ने कहा कि पुलिस प्रशासन दोनों त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्रीय लोगों द्वारा सफाई, बिजली और जलापूर्ति से जुड़ी जो भी मांगें रखी गई हैं, उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा।
डॉ. सिराज कुरैशी ने कहा कि होली खेलने वाले बच्चे इस बात का विशेष ध्यान रखें कि नमाजी या रोजेदार पर रंग न पड़े। साथ ही, यदि अनजाने में किसी पर रंग गिर भी जाए, तो उसे तूल देने के बजाय आपसी समझदारी और बड़प्पन से मामला सुलझाएं। जमीतुल कुरैश के उपाध्यक्ष मो. शरीफ कुरैशी ने कहा कि रमजान और होली पर्व पर शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग उठाई ताकि जाम से मुक्ति मिले।
बिरादरी के उपाध्यक्ष विशाल शर्मा ने कहा कि रमजान और होली का एक साथ आना परस्पर सम्मान का संदेश है। सभी समुदायों को एक-दूसरे की भावनाओं का आदर करना चाहिए ताकि आगरा का सांप्रदायिक सौहार्द पूरे देश के लिए उदाहरण बना रहे। इस दौरान नंदलाल भारती, अदनान कुरैशी, पार्षद किश्वर जहां, मो. चांद, मुकेश कर्दम, मशरूर कुरैशी आदि मौजूद रहे।