फतेहपुर सीकरी की कचहरी परिसर में सज्जाद नसीम राइस मियां चिश्ती की चेहल्लुम फतिया पर मौजूद अतिथि
फतेहपुर सीकरी। विश्व प्रसिद्ध सूफी संत हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह के पूर्व सज्जादानशीं व मुतवल्ली हजरत पीरजादा अयाजुद्दीन रईस मियां चिश्ती के फातिहा चेहल्लुम में रविवार को धर्मगुरुओं, राजनेताओं और अकीदतमंदों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कचहरी में देर शाम तक फातिहा शरीफ की रस्म अदा की गई। दिवंगत सज्जादानशीं के पुत्र एवं दरगाह हजरत शेख सलीम चिश्ती के वर्तमान सज्जादानशीं व मुतवल्ली पीरजादा अरशद फरीदी चिश्ती ने कहा कि चिश्ती परंपरा के अनुरूप देश-दुनिया में अंतर धार्मिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और इंसानियत की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
अजमेर शरीफ दरगाह के सज्जादानशीं दीवान नसीरुद्दीन चिश्ती की अध्यक्षता में धार्मिक रस्में संपन्न हुईं। इस अवसर पर खानकाह-ए-फरीदिया हैदराबाद के सज्जादानशीं मोहम्मद शुजाउद्दीन फरीदी, दरगाह शाह राजू तेलंगाना के सज्जादानशीं, अस्ताना-ए-आलिया कादरिया के सज्जादानशीं सैयद सिनवान शाह कादरी और दरगाह शाह अबू लाला के सज्जादानशीं सैयद मोहतशीम मियां मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सपा राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन, उत्तराखंड सरकार के विधि परामर्शी चंद्रशेखर, एसीपी इमरान अहमद, चौधरी चंद्रवीर सिंह, रितेश शुक्ला, अंकित तिवारी, पूर्व बीडीओ राम अवतार सिंह, प्रमोद चौधरी, संजय गोयल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अकीदतमंद शामिल हुए।