पिनाहट। कस्बा क्षेत्र में एक विकलांग व्यक्ति द्वारा प्रशासन पर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की चेतावनी का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। न्याय न मिलने से आहत पीड़ित ने पांच दिन पूर्व अपने फार्म हाउस पर संदिग्ध पदार्थ (चूहे की दवा) खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी जान बच गई।
पीड़ित ब्रजमोहन शर्मा थाना प्रभारी पिनाहट के साथ पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार एवं जिलाधिकारी आगरा अरविंद मल्लप्पा बंगारी से मिला और अपनी समस्या से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने विवादित भूमि की पैमाइश एवं जांच के लिए अपर जिला अधिकारी (नमामि गंगे) जुबेर बैग को लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। बुधवार को पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, लेकिन एडीएम के मौके पर न पहुंचने के कारण पैमाइश की कार्रवाई नहीं हो सकी और पुलिस टीम वापस लौट गई। उपजिलाधिकारी बाह संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि एडीएम की तबीयत खराब होने के चलते वे मौके पर नहीं पहुंच सके। अब बृहस्पतिवार को पैमाइश कराई जाएगी।