फोटो। पश्चिमपुरी में बन रही सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे महापौर हेमलता दिवाकर। स्वयं
आगरा। महापौर हेमलता दिवाकर ने सोमवार को हेमा पेट्रोल पंप से पश्चिमपुरी चौराहे तक बनी सड़क में घोटाले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कर दी। महापौर ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी दी और थर्ड पार्टी से जांच कराने की मांग की।
महापौर ने सोमवार को हेमा पेट्रोल पंप से पश्चिमपुरी चौराहे तक बनी सड़क का निरीक्षण किया। वहां कार्य कर रहे कर्मचारियों से कहा कि कार्य में लीपापोती मत करो। उन्होंने बताया कि अधिकारी कागजों में पहले ही नाले और इंटरलॉकिंग का कार्य कर चुके हैं। लेकिन, मौके पर अभी भी कार्य चल रहा है। यह कार्य ठेकेदार किस निधि से कर रहे हैं यह भी नहीं बता पा रहे हैं। उन्होंने ठेकेदार से कार्य को बंद करने के लिए कहा था।
बता दें कि इस सड़क निर्माण कार्य में हुए घोटाले की खबर को 53 लाख में बननी थी सड़क, खर्च किए एक करोड़ शीर्षक से अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। महापौर ने इसकी जांच कराने के लिए नगर आयुक्त से कहा था लेकिन तय समय में नगर निगम ने मामले की जांच नहीं कराई। इस पर महापौर ने अपने स्तर से इसके लिए जांच टीम गठित की थी। जांच टीम में पार्षद रवि करोतिया, प्रवीना राजावत, वीरेंद्र लोधी और हेमंत प्रजापति का शामिल किया गया था।
अमर उजाला में खबर छपने के बाद यह मामला सदन में भी पार्षदों ने उठाया था। बाद में जांच करने गई टीम को मौके पर नगर निगम के ठेकेदार काम करते हुए मिले थे। टीम ने नगर निगम के अधिकारियों पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था। महापौर ने जांच नहीं होने तक निर्माण कार्य को बंद करने को कहा है। इसलिए महापौर को बिना अफसरों के ही जांच शुरू करनी पड़ी थी। पार्षद प्रवीना राजावत और रवि करोतिया ने बताया कि सड़क निर्माण में की जा गड़बड़ियों को छिपाने के लिए लीपापोती की जा रही थी, जिसका दोनों ने विरोध किया था।