मैनपुरी। दिवाली के लिए शहर में मिठाई की दुकानें भी सज चुकी हैं। ग्राहकों ने मिठाई की खरीदारी शुरू कर दी है। दुकानदारों को बड़े ऑर्डर भी मिले हैं। त्योहार पर दोस्तों और रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए दुकानों पर आकर्षक गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। यह ग्राहकों को खूब पसंद आ रहे हैं। मिठाई विक्रेताओं को इस दिवाली बंपर बिक्री की उम्मीद है। सदर बाजार, स्टेशन रोड, करहल रोड, आगरा रोड और कचहरी रोड पर मिठाई की कई दुकानें हैं। दिवाली से पहले दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। अधिक मांग को देखते हुए कारोबारी बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार की मिठाइयां तैयार करा रहे हैं। इन दुकानों पर मिठाई की खरीदारी शुरू हो गई है। वहीं, दुकानों पर कारीगर बड़े ऑर्डर तैयार करने में जुटे हुए हैं। मिष्ठान भंडारों पर खोया के साथ काजू, बादाम, पिस्ता से बनी मिठाइ और सोनपापड़ी की सबसे अधिक मांग है। मिठाई कारोबारियों ने बताया कि शहर में इस बार मिठाई की बंपर बिक्री की उम्मीद है। मेवा और खोये से बनीं मिठाइयां लोगों की पसंद बनी हुई हैं। बाजार में मिठाई की कीमत 300 से लेकर 1500 रुपये प्रति किलो तक है।
इन मिठाइयों की है अधिक मांग
दुकानों पर इस समय मिठाइयों की विभिन्न वैरायटी उपलब्ध हैं। ग्राहकों को चिंरौजी, अखरोट, अंजीर से बनी मिठाई के साथ काजू कतली, पिस्ता और बादाम रोल सबसे अधिक पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा बेकरी मिठाई और सुगर फ्री मिठाई की भी खूब मांग हो रही हैं।