तारकशी कला से लकड़ी पर चित्र उकेरते कारीगर। संवाद
मैनपुरी। एक जिला एक उत्पाद में शामिल तारकशी कला को और पंख लगने वाले हैं। तारकशी से अब आध्यात्मिक उत्तर प्रदेश को सजाया जाएगा। तारकशी से बाबा विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों के आकार तैयार किए जाएंगे। इसके जरिये वैश्विक स्तर पर मैनपुरी की इस कला को पहचान दिलाने की तैयारी है।
तारकशी ने हाल ही में प्रयागराज महाकुंभ में आए लोगों को बहुत प्रभावित किया था। प्रयागराज में तारकशी के उत्पादों का स्टॉल सजाया गया। जहां देश और दुनिया के विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने जमकर खरीदारी की। तारकशी के देवी-देवता और घरेलू उत्पादों ने तारकशी को बड़ी पहचान दिलाई है। बता दें कि ओडीओपी में शामिल तारकशी कला में लकड़ी पर पीतल, चांदी, तांबे के तारों से खूबसूरत चित्र बनाए जाते हैं। जिन्हें लोग अपने घरों में सजाते हैं।