मैनपुरी में बैंकों के अवकाश के दौरान एटीएम भी लोगों को दगा दे गए। शहर के एटीएम पर लोग कैश निकालने के लिए पहुंचे, लेकिन यहां उन्हें कैश नहीं बल्कि निराशा हाथ लगी। कहीं एटीएम पर ताला लटका रहा तो कहीं नो कैश का बोर्ड। ऐसे में लोगों को परेशानी ही हाथ लगी।
शुक्रवार को रक्षाबंधन कात्योहार और माह के द्वितीय शनिवार के चलते बैंक बंद रहे। ऐसे में लोगों को कैश की परेशानी होने लगी है। लोग कैश के लिए एटीएम पर पहुंचे लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते उन्हें कैश नहीं मिल सका। शहर के स्टेशन रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा परिसर में लगे एटीएम पर शनिवार की दोपहर एक बजे के करीब देवुपरा निवासी राजकुमार सिंह कैश निकालने पहुंचे, यहां जब उन्होंने ताला लगा देखा तो वे व्यवस्था को कोसते नजर आए। बताया कि वे कई एटीएम पर जा चुके हैं कहीं भी कैश नहीं मिल पा रहा है। रविवार को भी अवकाश होने के चलते समस्या बनी रहेगी।
ये बोले लोग
एटीएम कभी भी अवकाश के दौरान कैश के लिए काम नहीं आते हैं। बैंक बंद रहते हैं तो लोगों को भटकना पड़ता है।
-प्रमोद कुमार, आवास विकास।
एटीएम कभी सुविधाजनक माध्यम होते थे, लेकिन वर्तमान में पूरी तरह फेल हो चुके हैं। जब भी जाओ बंद मिलते हैं।
-विजेंद्र सिंह, आश्रम रोड।
बैंकों को एटीएम की व्यवस्था सुधारनी चाहिए। जल्द ही ध्यान नहीं दिया तो इसका उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा।
-रिंकू दुबे, कचहरी रोड।
इसलिए हुई समस्या
अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल प्रकाश तिवारी ने बताया कि अवकाश से पहले बैंकों को एटीएम में कैश लोड करने के आदेश दिए जाते हैं। कई बार लोड अधिक होने के चलते कैश खत्म हो जाता है। एटीएम चालू करने के लिए शाखा प्रबंधकों को आदेशित किया जाएगा।