फोटो10पटियाली के गांव उस्मानपुर स्थित सचिवालय में साफ सफाई न होने से उगी झाड़ियां । संवाद
पटियाली। एक ओर सरकार गांवों के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर गंजडुंडवारा की ग्राम पंचायत उस्मानपुर का पंचायत सचिवालय दुर्दशा का शिकार है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण ग्रामीण सचिवालय की सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
वर्ष 2022 में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बना यह सचिवालय ग्रामीणों की उम्मीदों का केंद्र था। लोगों को लगा था कि अब प्रधान, सचिव और लेखपाल से मिलना आसान होगा और पंचायत स्तर की समस्याओं का समाधान यहीं से होगा। मगर हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत निकली। चार साल बीतने के बाद भी सचिवालय के ताले नहीं खुल सके।
स्थानीय आशीष शाक्य का कहना है कि यहां कभी भी कोई अधिकारी या कर्मचारी नजर नहीं आता। ग्रामीण विनोद ने बताया कि इमारत के चारों ओर झाड़ियां उग आई हैं। हर तरफ गंदगी फैली है। मेघ सिंह शाक्य, लालाराम शाक्य, दिलीप, पवन, मनीष, कुलदीप और धीरज ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह को पत्र लिखकर सचिवालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और इसे खुलवाने की मांग की है।