आगरा। मानसून सीजन में बारिश न होने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भारी बारिश के यलो अलर्ट के बावजूद सोमवार को दिनभर लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। तेज धूप के कारण लोग पसीने में तर-बतर नजर आए। हालांकि, रात करीब 11 बजे गरज-चमक के बीच बारिश हुई।
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में हुई इस बढ़ोतरी की वजह से लोगों को रात में भी गर्मी और उमस से कोई खास राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताते हुए मंगलवार और बुधवार को जिले में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 48 घंटों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण उमस से राहत मिलेगी।