ठेका कर्मचारियों की मेहनत लाई रंग, पांच माह के वेतन का भुगतान हुआ
टूंडला। नगर पालिका परिषद में सफाई कर्मचारियों ने वेतन का भुगतान न होने पर सत्याग्रह शुरू कर दिया। इसके बाद हरकत में आए पालिका प्रशासन ने शाम तक उनका पांच माह का भुगतान कर दिया। इसके बाद आंदोलन खत्म हो गया। वहीं कर्मचारियों ने विधायक और अधिशासी अधिकारी का स्वागत किया।
पालिका में ठेका सफाई कर्मचारी वादे के मुताबिक पांच माह का वेतन भुगतान न होने पर आक्रोशित थे। सोमवार को उन्होंने पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए मंगलवार से सफाई कार्य बंद कर सत्याग्रह का एलान किया था। मंगलवार को वे पालिका परिषर में सत्याग्रह पर बैठ गए। शाम पांच बजे करीब पालिका में विधायक, ईओ व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि ने कर्मचारियों का पूरा भुगतान कराते हुए उनका सत्याग्रह समाप्त कराया।
विधायक धनगर ने कहा की भाजपा सरकार हमेशा वाल्मीकि समाज के सम्मान के लिए खड़ी है। अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा की कर्मचारी खूब मेहनत और ईमानदारी से अपना कार्य करें। बृज क्षेत्र सह-संयोजक स्वच्छ भारत विभाग अभियान शैलेंद्र वाल्मीकि, अमित वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।