आगरा के रामबाग क्षेत्र से गांव मढ़ौली के गेस्ट हाउस में आई बरात में शामिल कुछ लोगों पर 14 नवंबर की रात घरातियों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडे, रॉड से पीट-पीटकर दूल्हे के चचेरे भाई विनय (28) की हत्या कर दी।
अलीगढ़ के अतरौली में बरात पर हुए हमले और विनय की मौत के मामले में दूल्हे राहुल सिंह द्वारा एक्स पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है। बुधवार देर रात दूल्हे के बड़े भाई योगेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजन घबराकर उन्हें अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार योगेंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है।
विज्ञापन
चचेरे भाई मोनू ने बताया कि योगेंद्र मंगलवार को ही अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिजनों के साथ न्याय की उम्मीद में अलीगढ़ एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने घर आते ही कहा था कि वे विनय को न्याय दिलाए बिना चैन से नहीं बैठेंगे। परिजन के मुताबिक दूल्हा राहुल सदमे में है। शादी के बाद से वह दिल्ली में ही है। फोन पर बात नहीं कर रहा है। दो दिन पहले रात में किसी तरह हिम्मत करके उसने परिवार को फोन किया। वह फूट-फूट कर रो रहा था।
उधर, अलीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलू उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी मनोज की तलाश में पुलिस ने उसके घर दबिश दी। दबिश के दौरान मनोज का भाई भोला भागने की कोशिश करते हुए छत से कूद गया, जिससे उसका पैर टूट गया।