बेवर। थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती की 5 अगस्त की रात दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में सपा ने कड़ा रुख अपनाया है। सपा का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा। मांग रखी कि सरकार आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलवाए। पुलिस मामले में लीपापोती कर रहा है और अपराधियों को सरकारी संरक्षण मिल रहा है। तीन दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी। एमएलसी किरण पाल सिंह और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल सिंह कश्यप के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन नामजद और कुछ अज्ञातों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मुख्य आरोपी प्रशांत जेल भेज दिया है। अन्य दो नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उनके फोन कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। इधर, प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी जमीन का पट्टा देने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोधियों के घरों पर तो तुरंत बुलडोजर चला देती है, लेकिन पीडीए समाज की बेटी को न्याय दिलाने के लिए अपराधियों को बचाने का काम कर रही है। सपा नेताओं ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं और न्याय की लड़ाई सड़क तक लड़ेंगे। इस दौरान पूर्व एमएलसी राजपाल सिंह, विधायक जयकिशन साहू, जिला अध्यक्ष आलोक शाक्य, विधायक किशनी बृजेश कठेरिया, एमएलसी मुकुल यादव, जसकरण सिंह, रामशरण सिंह, हरिकेश फौजी और जसकरण कठेरिया सहित बड़ी संख्या में पुरुष और महिला नेता मौजूद रहे।