आगरा। सदर क्षेत्र की युवती का पड़ोसी युवक ने जीना दुश्वार कर दिया है। उस पर शादी का दबाव बना रहा है। दो दिन पहले विरोध पर पिता की कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में सागर नामक युवक रहता है। वह आए दिन परेशान करता है। रास्ते में हाथ पकड़ लेता है। गाड़ी में बैठाने का दबाव बनाता है। घरवालों को परेशान करता है। गाड़ी में बैठाने का दबाव भी बना चुका है। वह शादी करने की कह रहा है। मना करने पर भाई को जान से मारने की धमकी दी है।
इससे पूरा परिवार डरा हुआ है। घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। पूर्व में तेजाब फेंककर हमला किया था। वह किसी तरह बच सकी थी। 6 अगस्त को आरोपी घर में घुस आया। पिता की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसकी शिकायत सागर के परिजन से की, लेकिन वह उसका ही समर्थन करने लगे। पुलिस ने सागर, पिता मनोज और उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।