मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव धारऊ में रविवार सुबह प्रेमी के घर पहुंची युवती ने हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले आई। इस बीच प्रेमी पुलिस के हाथ नहीं आ सका। इंस्पेक्टर का कहना है कि अगर विवाद नहीं सुलझता तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवती करीब दो साल पहले अपने प्रेमी के साथ पकड़ ली गई थी। इसके बाद परिजनों ने उसकी शादी जल्दबाजी में एक युवक के साथ कर दी थी लेकिन कुछ दिन बाद ही युवती पति को छोड़कर घर आ गई थी। इस बीच प्रेमी से लगातार उसकी बातचीत व मिलना-जुलना होता रहा। अभी कुछ दिन पूर्व वह गांव धारऊ निवासी प्रेमी के साथ चली गई।
युवक के घरवालों को जानकारी हुई तो शनिवार को एक रिश्तेदार दोनों को लेकर गांव आ गया लेकिन उधर युवक के घरवालों ने विरोध किया और युवती को रखने से मना कर दिया। इसके बाद रविवार सुबह युवती ने प्रेमी के घर पर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस उसे कोतवाली ले आई। वहां युवती ने बताया कि वह लगातार प्रेमी के साथ संपर्क में रही। इससे घरवालों ने शादी की उसे भी छोड़ दिया। अब वह प्रेमी के साथ ही घर बसाएगी। ऐसा नहीं हुआ तो वह उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगी।
वर्जन
मामले के निस्तारण के प्रयास चल रहे हैं। युवक पक्ष के लोगों को बुलाया गया है। यदि समाधान नहीं होता तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- भानू प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली।