मैनपुरी। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं आज से शुरू होने जा रही हैं। 10 बजे से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए 20 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। वहीं प्रश्नपत्र को लेकर भी उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव ने केंद्र व्यवस्थापकों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होनी है। परीक्षा में परीक्षार्थियोंं का हर हाल में 9:40 बजे तक परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंचना होगा। इसके बाद प्रवेश नहीं हो सकेगा। प्राचार्य डायट मनमोहन शर्मा ने बताया कि डीएलएड की सेमेस्टर परीक्षा नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिले में विशेष तैयारी की गई है। इस बार डीएलएड परीक्षा के प्रश्नपत्र प्रधानाचार्य कक्ष में नहीं, बल्कि परीक्षा कक्ष में खोले जाएंगे। प्रश्नपत्र का पैकेट खोलते समय कक्ष निरीक्षक के साथ-साथ किसी एक परीक्षार्थी से भी हस्ताक्षर कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने सभी प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापकों को पत्र भेजा है।
प्राचार्य ने बताया कि डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 27 अक्तूबर से 29 अक्तूबर तक जिले के 15 केंद्रों पर होगी। परीक्षा कक्ष में 30 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था निश्चित की गई है। कक्ष बड़ा होने पर 60 परीक्षार्थी बैठाए जा सकेंगे। पीएनपी सचिव ने इस बार 30-30 प्रश्नपत्रों का अलग-अलग पैकेट तैयार कराया है। जिस कक्ष में 60 परीक्षार्थी बैठेंगे, वहां प्रश्नपत्रों के दो पैकेट भेजे जाएंगे।
इन्हें दी गई पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी
डीएलएड परीक्षा के लिए 15 केंद्रों पर 15 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। इनमें छह पर्यवेक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नामित किए गए हैं। इनमें प्रधानाचार्य योगेश कुमार, अंजना यादव, अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, संतोष कुमार, सुरेश कुमार शामिल हैं। वहीं डायट प्रवक्ता डॉ. जीतपाल सिंह, सुधाकरण, आरेंद्र सिंह, बसुधा चौहान, शोभा, सतेंद्र सिंह, संजीव कुमार, धीरेंद्र सिंह और श्वेतांक को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।