कुरावली। सदर बाजार स्थित एक सराफ की दुकान पर ग्राहक बनकर आया टप्पेबाज जेवर रखी हुई थैली चुराकर ले गया। शक होने पर व्यापारी ने सीसीटीवी देखे तो चोरी की जानकारी हुई। चोरी किए गए जेवर की कीमत करीब चार लाख रुपये है। शनिवार को पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। थाना क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान निवासी सराफा व्यापारी धर्मवीर राठौर सदर बाजार में कृष्णा ज्वैलर्स के नाम से दुकान खोला हैं। पुलिस को बताया कि 27 सितंबर की दोपहर वो खाना खाने के लिए घर गए थे। इसबीच दुकान पर एक ग्राहक आया और छोटे भाई से कहा कि उसे सोने की एक हाय खरीदनी है। भाई ग्राहक को हाय दिखाने लगा। इस बीच शातिर ने नजर बचाकर ट्रे में रखी एक सोने के जेवर की थैली चुरा कर जेब में रख ली। इसके बाद टप्पेबाज दुकान से चला गया। ग्राहक के जाने के बाद जब जेवर की तलाश की तो कहीं नहीं मिले। वह दुकान पर लाैट कर आया तो भाई को परेशान देख कर जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज देखे तो पता चला कि ग्राहक बनकर आया टप्पेबाज ही सोने के जेवर की थैली चुरा ले गया है। धर्मवीर ने बताया कि थैली में करीब 65 ग्राम सोने के जेवर थे। शनिवार को पीड़ित व्यापारी ने थाने में तहरीर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए टप्पेबाज की पहचान के प्रयास कर रही है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।