मैनपुरी। जिले में बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की ओर से अलर्ट जारी करते हुए संचारी रोगों से निपटने के लिए तैयार रखने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायतों को भी क्षेत्रों में साफ सफाई कराने और दवाओं को छिड़काव कराने के लिए कहा गया है।
पिछले कुछ दिनों से बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 15 से 20 बुखार से पीड़ित मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएमओ ने सभी विकास खंडों में स्थित सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि भले ही ओपीडी सेवा बंद है, लेकिन इसके बाद भी इमरजेंसी और बुखार क्लीनिक का संचालन किया जाए।
बुखार के मरीजों को बुखार क्लीनिक में उपचार किया जाए। सीएमओ ने नगर पालिका और नगर पंचायतों को पत्र भेजते हुए कहा है कि जिले में बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं ऐसे में बचाव के उपाय किए जाएं। नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई कराई जाए। जिन इलाकों में मच्छर अधिक हैं, वहां दवा डलवाने के साथ ही फॉगिंग का कार्य कराया जाए।
चार दिन में बुखार से पीड़ित आठ मरीजों की मौत
जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार पिछले चार दिनों में अस्पताल में आने वाले जिन मरीजों की मौत हुई है, उन मरीजों में आठ मरीज बुखार से पीड़ित थे। चार दिन में अस्पताल में बुखार से पीड़ित होने पर 55 मरीजों को भर्ती कराया गया है।
मच्छरों की संख्या बढ़ रही है। गंदगी और मच्छरों के कारण संक्रामक बीमारियां कभी भी फैल सकती हैं। बुखार के मरीज बढ़े हैं। इनकी रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयास कर रहा है। नगर पालिका और नगर पंचायतों को पत्र लिखकर बचाव के इंतजाम किए जाने को कहा गया है।
डॉ. एके पांडेय, सीएमओ