लेखपाल की रिपोर्ट के बाद भी नहीं हटवाया कब्जा
-प्राघिकरण की प्रभारी सचिव ने डीएम को पत्र भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। तहसील करहल के कुर्रा क्षेत्र के नगला तेज में तालाब की जमीन पर किए गए कब्जे को लेखपाल की रिपोर्ट के बाद भी नहीं हटवाया गया है। पीड़ित की शिकायत पर प्राधिकरण की प्रभारी सचिव द्वारा मांगी गई आख्या भी एसडीएम करहल प्राधिकरण में नहीं भेज रहे हैं। प्राधिकरण की प्रभारी सचिव ने इस संबंध में डीएम को पत्र भेजा है। कब्जा हटवाकर अनुपालन आख्या 28 अगस्त तक प्राधिकरण में भिजवाने को कहा है।
नगला तेज में सरकारी तालाब की जमीन पर कब्जा करके गांव के महेंद्र, रमेश, नरसिंह ने झोपड़ी भी रख ली है। गांव के रहने वाले गौरव की शिकायत पर ग्राम प्रधान और लेखपाल ने कब्जा की रिपोर्ट एसडीएम को दी है। लेखपाल की रिपोर्ट के बाद भी तालाब की जमीन पर कब्जा नहीं हटवाया गया है। गौरव की शिकायत पर प्राधिकरण सचिव ने 26 जुलाई को एसडीएम करहल से आख्या मांगी लेकिन एसडीएम करहल ने आज तक प्राधिकरण में आख्या नहीं भेजी है। जबकि 29 जुलाई को लेखपाल पैमाइश करके अपनी रिपोर्ट एसडीएम को दे चुके हैं।
गौरव ने प्राधिकरण में दोबारा शिकायत करते हुए बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट के बाद भी तालाब की जमीन से कब्जा नहीं हटवाया गया है। तालाब से कब्जा नहीं हटने से आसपास जलभराव होने लगा है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायत की सुनवाई करने के बाद प्राधिकरण की प्रभारी सचिव/सिविल जज नम्रता सिंह ने डीएम को पत्र भेजा है। कब्जा हटवाकर अनुपालन आख्या प्राधिकरण में भिजवाने को कहा है। अगली सुनवाई के लिए 28 अगस्त की तारीख तय कर दी है।