कर्मचारियों ने कलम बंद करके कार्य बहिष्कार किया
मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट शाखा का आदेालन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट की जिला इकाई के सदस्यों ने मंगलवार को कलम बंद करके कार्य बहिष्कार किया। बैठक करके निर्णय लिया कि बुधवार को भी कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। मांगें पूरी नहीं होने पर बुधवार को कर्मचारी अगली रणनीति बनाएंगे।
सिंचाई विभाग कार्यालय परिसर में मंगलवार को मिनिस्टीरियल एसोसिएशन इरीगेशन डिपार्टमेंट इकाई शाखा के सदस्य एकत्रित हुए। संगठन केे जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार तनेजा ने कहा कि संगठन के प्रांतीय महामंत्री का नियम विरुद्ध तरीके से किया गया स्थानांतरण निरस्त किया जाए। काफी समय से लंबित चल रही कर्मचारियों की पद स्थापना एवं प्रोन्नति की मांगों को पूरा किया जाए।
जिला मंत्री अलकेश कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन के सदस्य अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए बुधवार को भी कलम बंद करके कार्य बहिष्कार करेंगे। अगर समय रहते मांगें पूरी नहीं की गई तो प्रांतीय नेतृत्व के आव्हान पर अगली रणनीति तैयार करेंगे। इस मौके पर श्याम सिंह, अखिलेश कुमार जोहरी, सुभाषचंद्र, सुमित कुमार, संजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, रामानंद, कुलदीप दुबे, कृष्णगोपाल, पवन दीक्षित मौजूद रहे।