गोदाम से माल चुराकर दूसरे दुकानदार को बेच रहा था कर्मचारी
- पीड़ित ने कर्मचारी और माल खरीदने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। लोहामंडी के पास स्थित एक गोदाम पर तैनात कर्मचारी माल चोरी कर दूसरे दुकानदार को बेच रहा था। इसकी जानकारी होने के बाद पीडि़त ने पुलिस से शिकायत की। दोषी कर्मी व माल खरीदने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दरीबा निवासी गोपाल कृष्ण ने पुलिस को बताया कि उनकी पीतल के बर्तन आदि की दुकान संता बसंता चौराहे पर है। गोदाम लोहामंडी शिव मंदिर के पास है। गोदाम से कई दिनों से माल गायब हो रहा था। जिसके चलते व्यापार में भी नुकसान हो रहा था। जब नजर रखी तो पता चला कि कर्मचारी हनी निवासी पावर हाउस रोड माल चोरी कर रहा था। परिचित ओम वर्मा ने बताया कि कर्मचारी ब्रजकिशोर और उसके पुत्र आयुष के यहां माल लेकर सुनार वाली गली स्थित गोदाम पर जा रहा है। कर्मचारी जब वापस आया तो उस से सख्ती से पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह माल चोरी कर ब्रज किशोर और आयुष के यहां बेच रहा है। मंगलवार को इस बात की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने तहरीर दी। कोतवाली पुलिस ने नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।