आगरा। टीटीजेड की बाध्यता के बीच आगरा में इंटरनेशनल वेडिंग सिटी के सपने को साकार करने के लिए यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन हर संभव प्रयास कर रही है। एसोसिएशन के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री कार्यालय से भी जानकारी मांगी है। जल्द ही पदाधिकारी मुख्यमंत्री से मिलने जाएंगे।
यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से बीते महीने हुए वेडिंग एक्सपो में इंटरनेशनल वेडिंग सिटी का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके तहत ताजमहल के आसपास 200 एकड़ जमीन पर वेडिंग सिटी बनाने की योजना है। इसमें ऐतिहासिक धरोहरों को संजोते हुए वेडिंग के लिए जरूरी साधन विकसित किए जाने हैं। ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत अन्य ऐतिहासिक स्मारकों के चलते विदेशी भी यहां शादी करने आएंगे। इसके लिए एक्सपो में प्रस्ताव बनाया गया था। इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय से जानकारी मांगी गई है।
यूपी वेडिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इंटरनेशनल वेडिंग इंडस्ट्रीज बनने से आगरा में विदेशी भी शादी-समारोह करने के लिए दिलचस्पी दिखाएंगे। इसमें कोई प्रदूषण भी नहीं होता है। इस प्रस्ताव के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय से भी जानकारी मांगी गई है। इसकी कार्ययोजना बनाकर मुख्यमंत्री और संस्कृति मंत्री से भी मिलेंगे। वेडिंग उद्यमी रितुराज खन्ना ने बताया कि योजना में सरकार से जमीन उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। बाकी संसाधन उद्यमी विकसित कर लेंगे। इसकी पूरी कार्ययोजना बन गई है। जल्द ही पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री से मिलने जाएंगे।
-
प्रस्ताव में ये है योजना
- इंटरनेशनल वेडिंग सिटी में कृत्रिम झील, वाटर पार्क, आईलैंड, सफारी लुक के लिए जंगल, वैदिक, रजवाड़ा और मुगल साइट, एसी हट, होटल, गार्डन समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे लोग अपनी पसंदीदा थीम के आधार पर साइट तय कर सकेंगे। इसके बनने से रोजगार विकसित होगा और देश-विदेश के लोगों का यहां पर समारोह करने में रुझान बढ़ेगा।