बाह: बस से गिर कर मृतका सीता देवी
बाह। आगरा-इटावा वाया कचौराघाट स्टेट हाईवे पर 16 नवंबर की शाम चित्राहाट के शाहपुर ब्राह्मण गांव में चलती बस का दरवाजा खोले जाने से उतरते समय गिरकर एक महिला की मौत हो गई।
शाहपुर ब्राह्मण की सीता देवी (52) पत्नी सर्वेश कुमार के बड़े भाई गुंगावली (हाल निवासी जरार) ललित शर्मा के परिवार में शादी है। सीता देवी शादी के लिए मिठाई का शगुन देने 16 नवंबर को आई थीं। भाई ने बताया कि राजस्थान रोडवेज की बस में उसी दिन शाम 6 बजे उनको घर जाने के लिए बैठाया था। उन्होंने बस के चालक-परिचालक की लापरवाही की पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि शाम 7 बजे करीब शाहपुर ब्राह्मण गांव पर चलती बस की खिड़की खोल दी। बस रोके बिना ही उतरने के लिए कह दिया था, उतरते समय सड़क पर गिरकर घिसटी बहन सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
उपचार के लिए आगरा के निजी अस्पताल में ले गए थे। मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। चित्राहाट पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मौत से जरार में शादी वाले घर में मातम पसर गया है। मृतका ने अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ी हैं। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।