मैनपुरी। मनरेगा सामग्री मद में शासन ने जिले को 17.91 करोड़ रुपये जारी किए हैं। पहली बार जिलेवार ये धनराशि जारी की गई है। 30 अगस्त को दोपहर 11.49 बजे से इस धनराशि से भुगतान किया जा सकेगा।
लंबे समय से सामग्री मद में भुगतान के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं कराई थी। बुधवार को शासन ने पत्र जारी कर जिले वार सामग्री मद में धनराशि जारी कर दी है। ऐसा पहली बार हुआ है जब जिलेवार धनराशि जारी की गई है। अब तक एक ही धनराशि जारी की जाती थी। इसमें से सभी जिले भुगतान करते थे। इसके चलते कोई जिला कम तो कोई अधिक भुगतान कर लेता था।
जारी हुई 17.91 करोड़ की राशि का निर्धारित तिथियों के अनुसार ही जिले भुगतान कर सकेंगे। मैनपुरी के लिए 30 अगस्त दोपहर 11.49 का समय निर्धारित है। कुल 15 मिनट तक ये भुगतान किया जा सकेगा। इसके लिए बृहस्पतिवार को दिन भर विकास खंडों में मनरेगा कर्मचारी काम में जुटे रहे। वहीं ग्राम प्रधान और पंचायत सचिवों की भी भीड़ जुटी रही।
शासन ने 17.91 करोड़ की धनराशि मनरेगा सामग्री मद में भुगतान के लिए उपलब्ध कराई है। ये धनराशि जिले की मांग के सापेक्ष महज 37 प्रतिशत है। इससे जो कार्य पहले के हो चुके हैं उनका भुगतान कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा द्वारा किया जाएगा। - -श्वेतांक पांडेय, डीसी मनरेगा