सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता केा ज्ञापन सौंपते।
गंजडुंडवारा। समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल हफीज गांधी ने शहबाजपुर से लेकर राजेपुर कुर्रा तक जीर्णशीर्ण तटबंधों की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शेर सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपकर समय रहते टूटे तटबंध सही कराए जाने की मांग की है। समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि पटियाली विधानसभा क्षेत्र के शहबाजपुर से लेकर राजेपुर कुर्रा तक जिन-जिन स्थानों पर तटबंध टूट गए हैं, उनकी बरसात से पहले मरम्मत कराई जाए। ताकि ग्रामीणों को बाढ़ जैसी त्रासदी से बचाया जा सके। कहा कि हर वर्ष गंगा नदी के कटान के कारण क्षेत्र में भयंकर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। किसानों की फसलें तबाह हो जाती हैं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। यह समस्या वर्षों से चली आ रही है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। हमारी प्राथमिकता है कि किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सिंचाई विभाग को चाहिए कि समय रहते बांधों की मरम्मत कराए ताकि आने वाली बरसात में क्षेत्र के लोग सुरक्षित रहें। अगर समय रहते कार्य नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।