आगरा। नगर निगम ने बकाया किराया न चुकाने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसा है। कुर्की और तालाबंदी के बाद भी किराया जमा न करने वाले छह दुकानदारों के अनुबंध अब समाप्त किए जाएंगे। सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि 50 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों की सूची तैयार है और अब सीधे आवंटन निरस्त कर दुकानें पुनः आवंटित की जाएंगी। हाल ही में रकाबगंज स्थित अरिहंत, चाहसोर, बल्केश्वर और महावीर मार्केट में दुकानों को सील किया गया। इन आवंटियों पर कुल 6,23,634 रुपये बकाया है। मुख्य बकायेदारों में अशोक कुमार (1.68 लाख), गुलाब चंद (1.80 लाख), बनारसीदास (51 हजार), जवाहर लाल (76 हजार), मुकेश कुमार (67 हजार) और सुभाष चंद्र (78 हजार) शामिल हैं।