नदरई में एटा मार्ग पर निर्माणाधीन अंडरपास ।
कासगंज। कासगंज-एटा मार्ग स्थित नदरई रेलवे अंडरपास के निर्माण में हो रहा विलंब लोगों की परेशान बढ़ा रहा है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने इस संबंध में रेलवे, लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को अंडरपास के निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, इसके लिए उन्होंने रेल प्रशासन को पत्र भी लिखा है। नदरई के अंडरपास पर आगरा, टूंडला, एटा व कासगंज बरेली आने-जाने वाले वाहनों का अधिक आवागमन होत है। भारी वाहन भी बड़ी संख्या में यहां से गुजरते हैं। रेलवे अंडरपास का निर्माण पिछले एक वर्ष से काफी धीमी गति से चलता है। कभी फंड की समस्या से निर्माण रुक जाता है तो कभी अन्य संसाधनों को लेकर निर्माण प्रभावित हो जाता है। थोड़ी सी बारिश होने पर भी अंडरपास पर पानी भर जाता है। ऐसी अवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बृहस्पतिवार की दोपहर बैठक आयोजित की और बैठक में रेलवे, सिंचाई और लोक निर्माण विभाग के अभियंता मौजूद रहे। रेलवे के अभियंताओं ने कार्य के संबंध में जिलाधिकारी को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित प्रदेश सरकार के विभागों के अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य को पूरा करने में विलंब नहीं करें। बारिश से पूर्व अंडरपास का निर्माण पूरा कर लिया जाए। जिससे सड़क यातायात प्रभावित नहीं हो। वहीं, रेल प्रशासन को पत्र लिखा है जिसमें इस मामले में रेलवे से संबंधित कार्य भी शीघ्रता से पूरे करवाने के लिए कहा गया है।