कासगंज। ढोलना क्षेत्र के ग्राम मैमडी में 25 दिन बाद भी हालातों में अभी तक पूरी तरह से सुधार नहीं आ सके हैं। गांव में बुखार व डेंगू का प्रकोप है। इसके अलावा जिले के अन्य गांवों में भी बुखार डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। मैमडी सहित 4 गांव में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 66 मरीज मिले। इसके अलावा आईफ्लू, चर्म रोग आदि मरीज भी सामने आ रहे हैं।
ग्राम मैमडी में 25 दिन से बुखार का प्रकोप है। इस गांव में 3 मौतें भी हो चुकी है। इसके अलावा बड़ी संख्या में मरीज डेंगू, बुखार के पीड़ित निकल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम डाॅ. पीएस वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को गांव में जांच के लिए पहुंची। 78 मरीजों का परीक्षण किया गया, जिसमें 35 मरीज बुखार से पीड़ित निकल आए। इसमें से 20 मरीजों की मलेरिया व डेंगू की जांच को सैंपल लिए गए। इसके अलावा सहावर के याकूत गंज में बुखार के 11 मरीज मिले। इनमें से 10 मरीजों की डेंगू-मलेरिया की जांच को सैंपल लिए गए। इसके अलावा 4 मरीजों में चर्म रोग, 6 मरीजों में आईफ्लू व 11 मरीजों में अन्य बीमारी मिलीं। ग्राम न्यौंली में 9 मरीज बुखार के मिले। आठ मरीजों की डेंगू, मलेरिया की जांच के लिए सैंपल लिए। इसके अलावा 17 मरीज चर्म रोग के, 12 मरीज आईफ्लू के एवं 14 मरीज अन्य बीमारियों के मिले। ग्राम अलीपुर दादर में बखार के 11 मरीज मिले। सभी मरीजों के डेंगू, मलेरिया की जांच को सैंपल लिए। इसके अलावा 12 चर्म रोग, 2 आईफ्लू एवं 12 मरीज अन्य बीमारियों के मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में दवा का छिड़काव भी कराया।