कासगंज। शहर के बड़े नाले और नालियां बरसात में शहरवासियों के लिए मुसीबत बन सकते हैं। यह गंदगी और सिल्ट से अटे पड़े हैं। इससे यह हर साल की तरह बरसात के मौसम में जलभराव का कारण बन सकते हैं। इससे स्थितियां बिगड़ सकती हैं।
कासगंज शहर में हर साल बरसात के मौसम में विभिन्न क्षेत्रों और कॉलोनियों में घुटनों तक पानी भर जाता है। यह समस्या हर साल स्थानीय बाशिदों के सामने मुहं बाएं खड़ी रहती है। इस वर्ष भी यह समस्या फिर से विकराल रूप ले सकती है। इसका कारण है कि अभी भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों के नाले-नालियां सिल्ट, गंदगी और कूड़े-कचरे आदि से बजबजा रहे हैं। नॉवल्टी रोड, रामबलि कॉलोनी और बिलराम गेट के नाले में तो काफी गंदगी और कूड़ा कचरा पड़ा है। इससे स्थानीय कॉलोनियों और क्षेत्रों में महामारी फैलने की भी आशंका बनी हुई है। यदि जल्द ही यहां नाले-नालियों को साफ करना शुरू नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में फिर से हर बार की भांति ही शहरवासियों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा।
- बीते वर्षों में यहां सही तरीके से सफाई नहीं हुई है। इससे बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या रहती है। यदि इस बार भी सफाई सही से नहीं हुई तो इस बार भी शहरवासियों को बरसात के मौसम में गंदे पानी से होकर ही गुजरना होगा। सत्येंद्र पाल सिंह बैस एडवोकेट
- बरसात के मौसम में यहां सड़क पर घुटनों तक गंदा पानी भर जाना आम बात है। यदि यह साफ नहीं कराए गए तो लोगों को फिर से इसी समस्या से जूझना पडे़गा। हरवीर सिंह भारती
वर्जन
पालिका ने नाले-नालियों का सफाई अभियान शुरू करा दिया है। चित्रगुप्त कॉलोनी और बस स्टैंड के नाले की सफाई करा दी गई है। शीघ्र ही सभी नाले-नालियों को साफ करा दिया जाएगा। पिछले वर्षाें में नालों की सफाई नहीं कराई गई थी लेकिन इस बार इस कार्य को प्राथमिकता से लिया गया है। ताकि शहर में जलभराव की समस्या न हो। मीना माहेश्वरी, पालिकाध्यक्ष