मोटर बोट आने तक नहीं हटेगा चंबल घाट का पांटून पुल
पिनाहट। कस्बा के चंबल घाट से पांटून पुल फिलहाल नहीं हटाया जाएगा। मोटर बोट उपलब्ध होने तक पुल पर आवागमन जारी रहेगा, जिससे दोनों राज्यों के हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
हर वर्ष लोक निर्माण विभाग की ओर से चंबल घाट पर पांटून पुल बनाया जाता है। इसकी निर्धारित समय सीमा 15 अक्तूबर से 15 जून तक रहती है। इसके बाद पुल हटाकर मोटर बोट का संचालन शुरू कराया जाता है। इस बार चंबल नदी में जलस्तर कम होने और मोटर बोट उपलब्ध न होने के कारण पांटून पुल को अभी हटाया नहीं गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस समय पांटून पुल हटा दिया गया, तो रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में मोटर बोट शुरू होने तक पुल को चालू रखा जाना चाहिए। पुल के ठेकेदार चंद्रसेन तिवारी ने बताया कि चंबल घाट पर एक सप्ताह के भीतर मोटर बोट पहुंच जाएगी। इसके बाद पांटून पुल को हटाने की प्रक्रिया की जाएगी।