आगरा। तड़ावली गांव में घर के भीतर जंगली जानवर मिलने के मामले में फैली दहशत पर वन विभाग ने स्थिति साफ कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पकड़ा गया जानवर फिशिंग कैट (शिकारी बिल्ली) थी।
वन क्षेत्राधिकारी विशाल सिंह राठौर ने बताया कि जानवर बेहद खतरनाक प्रतीत हो रहा था और इसी वजह से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जानवर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। लोगों में भय था कि वह चीते का बच्चा था पर ऐसा नहीं था वह एक छोटी शिकारी बिल्ली है, जो आमतौर पर पाई जाती है। वीडियो के कारण गलतफहमी फैल गई। वन विभाग की टीम ने फिशिंग कैट को पकड़ने के बाद उटनगन के पास जंगल क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो देखकर किसी नतीजे पर न पहुंचें और किसी भी वन्यजीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि अनावश्यक भय और अफवाहों से बचा जा सके।