कासगंज गंजडुंडवारा स्टेशन पर खड़ी ट्रेन
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कासगंज-कानपुर ट्रैक पर बुधवार को सहावर-गंजडुंडवारा स्टेशन के बीच ट्रेन के इंजन से सांड़ टकरा गया, जिससे इंजन फेल हो गया और ट्रेन लगभग दो घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही। कासगंज से दूसरा इलेक्ट्रिक इंजन भेजा गया तब ट्रेन को कानपुर की ओर रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्पेशल ट्रेन संख्या 05040 कासगंज से प्रतिदिन सुबह 9 बजे कानपुर-अनवरगंज के लिए रवाना होती है। ट्रेन बुधवार को अपने निर्धारित समय पर कासगंज से रवाना हुई। जब ट्रेन सहावर स्टेशन से गंजडुंडवारा की ओर रवाना हुई तभी रेल ट्रैक पर अचानक एक सांड़ इंजन के सामने आ गया। जब तक चालक ट्रेन को नियंत्रित कर पाता सांड़ इंजन से टकरा गया। इससे इंजन में तकनीकी खामी आ गई। लोको पायलट नागेंद्र ने सूचना रेलवे के अफसरों को दी। ट्रेन का गंजडुंडवारा स्टेशन पर पहुंचने का समय सुबह 9:32 बजे है, लेकिन यह ट्रेन 11:32 बजे पहुंची। लगभग दो घंटे तक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ट्रेन के ट्रैक पर खड़े रहने से अन्य ट्रेन के संचालन पर इसका प्रभाव नहीं पड़ा।