फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: नागरी प्रचारिणी सभा के भवन का होगा जीर्णोद्धार, लगेंगी महापुरुषों की प्रतिमाएं

विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। नगर निगम के सदन की बैठक में सोमवार को नागरी प्रचारिणी सभा के भवन के जीर्णोद्धार और वहां महापुरुषों की प्रतिमा लगाने पर भी फैसला हुआ। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसी के बाद पार्षद मुरारीलाल अग्रवाल ने बैठक में प्रस्ताव पेश किया जिसे महापौर, नगर आयुक्त से लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने समर्थन देते हुए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही पार्षद आरती शर्मा के वार्ड नंबर 96 में स्थित प्राचीन माईथान गुरुद्वारा के महत्व को देखते हुए वहां कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव को सीएम को भेजने का निर्णय लिया गया।
विज्ञापन

पार्षद मुरारीलाल अग्रवाल ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि 12 अक्तूबर 1901 को सभा की स्थापना हुई थी। तब से सभा परिसर में सूर, मीर, गालिब, नजीर, रांगेय राघव, डॉ. राम विलास शर्मा, सत्यनारायण विरत्न, राजा लक्ष्मण सिंह, बाबू राय, डॉ. द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी, आचार्य श्रीराम शर्मा, पं. ऋषिकेश चतुर्वेदी, रानी सरोज गौरिहार, रोशन लाल गुप्त करुणेश, सुखराम सिंह, दादा प्रताप दीक्षित जैसे तमाम साहित्यकारों का नाता रहा। ऐसे में इस सभा के परिसर को सांस्कृतिक विरासत के रूप में दिवंगत साहित्यकारों के स्मारक के रूप में विकसित किया जाए। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटक, साहित्य प्रेमी, शोधार्थी और साहित्कार एक ही स्थान पर आगरा की साहित्यिक विरासत से रूबरू हो सकें। महापौर ने प्रस्ताव की सराहना की जबकि नगर आयुक्त ने कहा कि पर्यटन विभाग को इसके लिए कार्ययोजना भेजी जाएगी और अगले साल सभा के 125 वें स्थापना दिवस से पहले काम शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
-
कमेटी के पास भेजे जाएंगे नाम बदलने के प्रस्ताव
बैठक के दौरान कई पार्षदों ने चौराहों व क्षेत्रों के नाम बदलने, मूर्तियां लगाने के प्रस्ताव पेश किए। सुनील शर्मा ने खंदारी चुंगी तिराहा का नाम माता अहिल्याबाई होल्कर तिराहा करने, शरद चौहान ने स्पीड कलर लैब तिराहे का नाम राणा सांगा के नाम पर करने, मुरारीलाल अग्रवाल ने लाल मस्जिद क्षेत्र का नाम रमाबाई आंबेडकर के नाम पर, वॉटर वर्क्स चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव दिया। इसी तरह बंटी माहौर ने कबाड़ को रीसाइकिल कर धाकरान चौराहे पर महाराजा धरणीधर का हल स्थापित करने, बालाजी धाम मंदिर के रास्ते पर द्वार बनाने, यमुना किनारे आरती स्थल में तिकोनिया पार्क में संत गाडगे की प्रतिमा लगाने समेत कई प्रस्ताव पेश हुए। सभी प्रस्तावों पर सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त कमेटी के रिव्यू के बाद फैसला लेने का निर्णय हुआ।
विज्ञापन


स्वामी विवेकानंद पार्क में लगेगी प्रतिमा
पार्षद अमित दिवाकर व भरत शर्मा ने लॉयर्स कालोनी में स्वामी विवेकानंद पार्क में विवेकानंद की प्रतिमा लगवाने का प्रस्ताव रखा। तय हुआ कि स्थानीय निवासियों का संगठन अनापत्ति देता है तो प्रतिमा की अनुमति दी जााएगी। वहीं, रमाडा चौराहे का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर करने की मौखिक मांग पर अगली बैठक में प्रस्ताव लाने की बात कही गई।

जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की प्रक्रिया होगी सरल
बैठक के दौरान पार्षद हेमंत प्रजापति समेत कई अन्य ने जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लंबित प्रकरणों को लेकर सवाल उठाए। प्रस्ताव देकर कहा कि प्रक्रिया इतनी जटिल बना दी गई है कि लोग परेशान हो रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि वह प्रक्रिया को सरल करने के लिए शासन को पत्र भेजेंगे।
-
सभी कर अधिकारियों के बदलेंगे कार्यक्षेत्र
पार्षद रवि बिहारी माथुर और अन्य की ओर से कर अधिकारियों और एसएफआई की मनमानी को लेकर प्रस्ताव लाया गया। कहा गया कि लंबे समय से एक जगह पर डटे रहने के कारण वह मनमानी कर रहे हैं। ऐसे में उनका कार्यक्षेत्र बदला जाए। नगर आयुक्त ने दो दिन में सभी के कार्यक्षेत्र बदलने का आश्वासन दिया।

टैक्स आकलन के लिए लगेंगे कैंप
पार्षद रवि बिहारी माथुर, हेमंत प्रजापति, राकेश जैन आदि ने नए क्षेत्रों में गृह कर के लिए पंजीकरण, आंकलन और बकाया वसूली को लेकर प्रस्ताव पेश किए। लोगों को हो रही दिक्कतों के बारे में सदन में विस्तार से चर्चा की। तय हुआ कि नए जुड़े व नए निर्मित क्षेत्रों के अलावा विशेष अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों के घरों का पंजीकरण कर उनसे टैक्स वसूला जाएगा।

केबल डालने वालों से वसूला जाएगा जुर्माना
पार्षद रवि बिहारी माथुर ने खंभों पर टेलीकॉम कंपनियों के केबल डालने को लेकर उनपर 5000 रुपये प्रति वार्ड प्रति वर्ष की दर से जुर्माना लगाने का प्रस्ताव किया। इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें