फोटो ABCD 4 मारपीट में घायल भावना,उनका भाई अभिषेक
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद के अंतर्गत ग्राम मोहनपुर में बुधवार सुबह घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गेहूं काटने में हुई देरी पर ससुरालियों ने महिला की बेरहमी से पिटाई की। सूचना पाकर भाई उसे बचाने पहुंचे, तो उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। घटना में महिला और उसके दो भाइयों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पीड़िता भावना पत्नी रामनरेश के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे जब वह खाना बना रही थी, तभी उसके पति और ससुर ने उसे तुरंत खेत पर गेहूं काटने के लिए चलने को कहा। भावना ने खाना बनाने के बाद चलने की बात कही, जिससे नाराज होकर ससुरालियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। भावना का आरोप है कि पति और ससुर ने भावना के साथ मारपीट की और शोर न मचा सके इसलिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। पीड़िता किसी तरह जान बचाकर पड़ोसियों के घर छिपी। इसी दौरान आगरा के प्रकाश नगर थाना एत्माद्दौला से उसके भाई का फोन आया, तो उसने आपबीती सुनाई। बहन की चीख-पुकार सुनकर भाई अभिषेक और प्रदीप अपने रिश्तेदारों अंकुश, लवकुश और शिवांक के साथ गांव मोहनपुर पहुंचे। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उन्हें गलियों में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भावना, उसका भाई लवकुश और अभिषेक घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और सभी घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है गेहूं काटने के विवाद को लेकर मारपीट हुई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो ABCD 4 मारपीट में घायल भावना,उनका भाई अभिषेक