मलपुरा। थाना क्षेत्र में अनोखा मामला सामने आया है, एक दिसंबर को जिस घर में शहनाइयां बज रही थी, गीत आनंद हो रहे थे, उस घर को अचानक दुल्हन की नजर लग गई। दुल्हन ने घर में आते ही सभी का प्यार जीता और घर को साफ कर दिया, रात्रि में पूरे परिवार को भोजन खिलाया। कुछ देर महिलाओं ने गीत आनंद लिया और सोने चले गए। सुबह-सुबह जब परिजन की आंख खुली तो पैरों तले जमीन खिसक गई। दुल्हन घर से सोने-चांदी के गहने व रुपये लेकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार जगबीर पुत्र रामवीर (25) निवासी खेलोआ ने किसी परिचित ने अयोध्या की रहने वाली अंकिता शादी की बात हुई और निजी मैरिज होम मथुरा में एक दिसंबर को हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली। दुल्हन को दो दिसंबर को घर लेकर आया था। पीड़ित के पिता रामवीर ने बताया कि एक परिचित ने अयोध्या की लड़की के परिजन से हमारा संपर्क हुआ था, लड़के की शादी की बात चल रही थी। एक दिसंबर को हिंदू रीति रिवाज से शादी की थी, लेकिन दुल्हन घर का सामान लेकर फरार हो गई। 6 दिसंबर को घर के सभी सदस्य सोने चले गए, इसी बीच दरवाजे खुले थे। अलमारी का ताला खुला हुआ था। संदूक का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। वह घर से तीन अंगूठी सोने की, चार जोड़ी पायल, एक मोबाइल फोन और दो हजार रुपए लेकर फरार हो गई है। सभी जगह पता लगा लिया है, कहीं पता नहीं चल रहा, मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा पीड़ित परिवार ने थाना मलपुरा में तहरीर दे दी है। थाना मलपुरा प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि दुल्हन माल सहित घर से लापता होने की तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है।