मीट विक्रेता का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला
गले में कसा था फंदा, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के वंशीगोहरा निवासी एक मीट विक्रेता का शव सोमवार की सुबह घर के बरामदे में पड़ा मिला। गले में रस्सी का फंदा कसा हुआ था। कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वंशीगोहरा निवासी दिनेश चंद्र (50) क्रिश्चियन तिराहा के पास ठेल लगाकर मीट बिक्री करते थे। रविवार की रात उसने पंखे के कुंदे में रस्सी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। माना जा रहा है कि किसी कारण से गांठ खुल गई और शव नीचे बरामदे में गिर गया। सोमवार की सुबह बरामदे में शव पड़ा देख परिजन के होश उड़ गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजन से जानकारी ली। परिजन ने पुलिस को दिनेश के खुदकुशी करने के संबंध में जानकारी दी। बताया कि रविवार को ठेल भी नहीं लगाई थी। लेकिन वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।